RO.NO. 01
अंतर्राष्ट्रीय

अमेरिकी सांसदों ने राष्ट्रपति ट्रंप से भारत और एशिया की प्रमुख बैठकों में व्यक्तिगत उपस्थिति का किया आग्रह

वॉशिंगटन |  अमेरिका के दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के सांसदों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अनुरोध किया है कि वे इस वर्ष होने वाले महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में व्यक्तिगत रूप से शामिल हों, जिसमें भारत में होने वाला क्वाड लीडर्स मीट भी शामिल है। इस पहल का नेतृत्व प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति के सदस्य ग्रेगरी डब्ल्यू. मीक्स ने किया।

पत्र पर यंग किम, एमी बेरा, बिल ह्यूजेंगा और सिडनी कैमलेगर-डव सहित कई सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। सांसदों का मानना है कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र अमेरिका की सुरक्षा और वैश्विक रणनीति के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। चीन के प्रभाव को बढ़ाने की कोशिशों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है ताकि अमेरिका का नेतृत्व स्पष्ट रूप से सामने आए।

सांसदों ने ट्रंप से अपील की है कि वे इस साल मलेशिया में होने वाले ईस्ट एशिया समिट, दक्षिण कोरिया में एपीईसी सम्मेलन और भारत में क्वाड शिखर सम्मेलन में स्वयं मौजूद रहें। उनके अनुसार, राष्ट्रपति की भागीदारी न केवल अमेरिका की प्रतिबद्धता को दर्शाएगी, बल्कि क्षेत्रीय सहयोगियों के विश्वास को भी मजबूत करेगी।

पत्र में यह भी कहा गया है कि अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ गठित क्वाड गठबंधन इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में स्थिरता और सामरिक संतुलन बनाए रखने का एक प्रमुख साधन है। सांसदों ने इसे अमेरिकी हितों के लिए “मुख्य रणनीतिक स्तंभ” भी बताया।

यह पहल उस संशोधन के बाद सामने आई है जिसे डेमोक्रेट सांसद सिडनी कैमलेगर-डव ने “डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट पॉलिसी प्रोविज़न्स एक्ट” में शामिल किया था। संशोधन में राष्ट्रपति से आग्रह किया गया था कि वे क्वाड साझेदारी में सक्रिय भूमिका निभाएं और साल के अंत में होने वाले सम्मेलन में भाग लें।

सांसदों का कहना है कि ट्रंप की व्यक्तिगत उपस्थिति से अमेरिका का वैश्विक प्रभाव बढ़ेगा और यह संदेश भी जाएगा कि अमेरिका इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में दीर्घकालिक साझेदारी के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध है।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button