लखनऊ के खिलाफ मुंबई की कड़ी चुनौती, स्टार खिलाड़ियों को दिखाना होगा दम

मुंबई: आईपीएल में प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए मुंबई इंडियंस के सामने सोमवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ ‘करो या मरो’ जैसा मुकाबला है। टीम की किस्मत काफी हद तक कप्तान हार्दिक पांड्या और स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के प्रदर्शन पर टिकी होगी, जिनका अब तक का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है।
हार्दिक ने इस सीजन में बल्ले और गेंद दोनों से खास प्रभाव नहीं छोड़ा है, जबकि सूर्यकुमार यादव भी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहे हैं। टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा चोट के कारण पिछले कुछ मैचों से बाहर हैं, जिससे मुंबई की बल्लेबाजी और कमजोर हुई है। हालांकि उनके जल्द वापसी की संभावना जताई जा रही है।
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस इस समय अंक तालिका में निचले पायदानों पर है और नौ मैचों में सिर्फ दो जीत दर्ज कर सकी है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे अपने सभी बचे मुकाबले जीतने के साथ-साथ अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना होगा। टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के चलते हार्दिक पांड्या की कप्तानी भी आलोचना के घेरे में है, खासकर उनकी रणनीति को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मुंबई की सबसे बड़ी कमजोरी उसका सामूहिक प्रदर्शन रहा है। बल्लेबाजों के बीच तालमेल की कमी साफ नजर आई है, वहीं गेंदबाजी में भी निरंतरता का अभाव दिखा है। सूर्यकुमार यादव, जो कभी गेंदबाजों पर हावी रहते थे, इस सीजन में लय में नहीं दिखे हैं और लंबे समय तक क्रीज पर टिकने में संघर्ष कर रहे हैं।
दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है। कप्तान ऋषभ पंत की अगुवाई वाली टीम लगातार पांच हार के बाद अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच गई है। टीम की गेंदबाजी ने कई मौकों पर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन बल्लेबाजी की कमजोरी ने उन्हें नुकसान पहुंचाया है।
हाल ही में मोहसिन खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट लिए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सुपर ओवर में लिए गए कुछ फैसलों पर भी सवाल उठे हैं। खुद कप्तान ऋषभ पंत भी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं, जिससे टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि हार का मतलब प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर होना होगा। ऐसे में मुंबई और लखनऊ, दोनों ही टीमें इस मैच में पूरी ताकत झोंकने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।



