RO.NO. 01
देश

कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई एंबुलेंस, आक्रोश के बीच हाईवे पर लगा लंबा जाम

नई दिल्ली। दिल्ली-मेरठ हाईवे पर सोमवार सुबह कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिला। मुरादनगर में तेज रफ्तार सरकारी एंबुलेंस की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर के बाद कांवड़ क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से नाराज कांवड़ियों ने हाईवे पर धरना देकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और समझाइश के बाद यातायात बहाल कराया।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, नोएडा के कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब 6:10 बजे उनका काफिला मुरादनगर स्थित प्रिया सिनेमा के पास पहुंचा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक सरकारी एंबुलेंस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर के कारण कांवड़ खंडित हो गई, जिससे श्रद्धालु आक्रोशित हो गए।

हाईवे पर बैठकर किया प्रदर्शन

घटना के बाद गुस्साए कांवड़ियों ने दिल्ली-मेरठ हाईवे पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी और सड़क जाम कर दी। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम के कारण आम यात्रियों और वाहन चालकों को घंटों तक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद श्रद्धालुओं ने प्रदर्शन समाप्त किया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।

एटा में भी हुआ बड़ा हादसा

इधर, उत्तर प्रदेश के एटा जिले में भी कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। मैनपुरी-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िए की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

कांवड़ यात्रा के दौरान हुई इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button