CM TODAY SCHEDULE: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज का पूरा कार्यक्रम जारी, रायपुर में कई कार्यक्रमों में शिरकत के बाद रायगढ़ में करेंगे चक्रधर समारोह का समापन

रायपुर, 23 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को रायपुर और रायगढ़ जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के दिनभर के कार्यक्रम की शुरुआत रायपुर से होगी। वे यहां आयुर्वेद सेवा सम्मेलन में शामिल होने के साथ ही बौरगांव में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। शाम को मुख्यमंत्री रायगढ़ पहुंचेंगे, जहां वे चक्रधर समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री साय सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन से रवाना होकर 11:40 बजे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां वे 11:40 से दोपहर 12:20 बजे तक आयुर्वेद सेवा सम्मेलन में शामिल होंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री 12:40 बजे शहीद नंदकुमार पटेल शासकीय महाविद्यालय, बौरगांव पहुंचेंगे। यहां दोपहर 12:40 से 1:40 बजे तक भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री वापस मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे। दोपहर में उनका कुछ समय आरक्षित रहेगा।
शाम को रायगढ़ के कार्यक्रमों में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री साय शाम 3 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड, रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रायगढ़ के लिए रवाना होंगे। वे शाम 4 बजे जिंदल एयरपोर्ट, रायगढ़ पहुंचेंगे। इसके बाद कार से अग्रोहा धाम पहुंचकर शाम 4:20 से 5 बजे तक भाषा शिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री इसके बाद ग्राम भोजपल्ली जाएंगे, जहां शाम 5:30 से 6 बजे तक निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 6:30 बजे सर्किट हाउस, रायगढ़ पहुंचने के बाद कुछ समय आरक्षित रहेगा।
चक्रधर समारोह के समापन में होंगे शामिल
रात्रि में मुख्यमंत्री साय रामलीला मैदान, रायगढ़ पहुंचेंगे। यहां शाम 7:10 बजे से रात 10 बजे तक चक्रधर समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री रात 10:10 बजे सर्किट हाउस, रायगढ़ पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।



