मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में नाराज हुए स्थानीय जनप्रतिनिधि

बलरामपुर : बलरामपुर के हाई स्कूल मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम के दौरान उस वक्त असहज स्थिति बन गई, जब स्थानीय जनप्रतिनिधि जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली से नाराज़ हो गए।
कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र में नाम शामिल न होने को लेकर जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन पर मनमानी और उपेक्षा का आरोप लगाया। नाराज़गी इस कदर बढ़ी कि जिला अध्यक्ष भाजपा, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष, नगरपालिका उपाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंच छोड़कर दर्शक दीर्घा में जाकर बैठ गए।
हालात को और गंभीर बनाते हुए कार्यक्रम में मौजूद विधायक उदेश्वरी पैकरा भी जनप्रतिनिधियों के साथ मंच से नीचे बैठ गईं, जिससे कुछ देर तक कार्यक्रम स्थल पर गहमा-गहमी और तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
स्थिति को संभालने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के जिम्मेदार अधिकारी जनप्रतिनिधियों को मनाने में जुटे। अधिकारियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए जनप्रतिनिधियों से संवाद किया, जिसके बाद सभी को मंच पर पुनः आमंत्रित कर मंचासीन कराया गया।
गौरतलब है कि हाई स्कूल मैदान में चल रहे इस कार्यक्रम में करीब 150 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हो रहा है, जहां मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे।
हालांकि विवाद के बाद कार्यक्रम दोबारा सामान्य रूप से संचालित हुआ, लेकिन इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल जरूर खड़े कर दिए।





