RO.NO. 13129/116
अन्य खबरेंदुर्घटनाबड़ी खबर

कवर्धा में धर्मांतरण के आरोप में होली किंगडम स्कूल के संचालक जार्ज थॉमस गिरफ्तार, पुलिस ने FIR दर्ज कर भेजा जेल

कवर्धा। धर्मांतरण को लेकर कल आदर्श नगर में हुई घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होली किंगडम इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल के संचालक जार्ज थॉमस के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोपी पर बीमारी ठीक करने और आर्थिक सहायता देने के नाम पर प्रलोभन देकर लोगों का धर्म परिवर्तन कराने का गंभीर आरोप है। भारतीय दंड विधान एवं छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धाराओं के तहत यह मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

यह पूरा मामला तब उजागर हुआ जब आदर्श नगर क्षेत्र में रविवार को चल रहे कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद् के कार्यकर्ताओं और वार्डवासी पहुँच कर इसका खुलासा किया। जिसके पश्चात पांडातराई क्षेत्र के ग्राम कारीमाटी निवासी एक व्यक्ति ने कवर्धा थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप था कि चर्च परिसर में संचालित एक निजी विद्यालय के प्राचार्य धर्मांतरण के गुप्त कार्यक्रम चला रहे हैं। शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में कई गवाहों के बयान दर्ज किए गए और साक्ष्यों को एकत्रित किया गया। इन सबके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।

आरोपी जार्ज थॉमस ‘द होली किंगडम इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल’ के संचालक और प्राचार्य हैं। शिकायत में यह भी आरोप है कि वह बीमारी ठीक करने और आर्थिक सहायता देने के बहाने लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करता था। पुलिस ने रविवार को आदर्श नगर क्षेत्र में धर्मांतरण कार्यक्रम में शामिल संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की है।

कवर्धा पुलिस ने एक स्पष्ट बयान जारी करते हुए कहा कि वह संविधान द्वारा प्रदान की गई धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करती है, लेकिन जबरन या प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने के प्रयासों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे धार्मिक सद्भाव बनाए रखें, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Share this
RO.NO. 13129/116

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button