RO.NO. 01
देश

दिल्ली में आज क्वाड विदेश मंत्रियों की अहम बैठक, पश्चिम एशिया संकट और हिंद-प्रशांत सुरक्षा पर मंथन

 नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट के आर्थिक परिणाम, हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति और क्रिटिकल मिनरल तथा प्रौद्योगिकी में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर क्वाड के विदेश मंत्रियों की बैठक में प्रमुख रूप से चर्चा होने की उम्मीद है।

मंगलवार को नई दिल्ली में होने वाली इस बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, आस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापानी विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री एस जयशंकर करेंगे।

क्वाड के विदेश मंत्रियों की बैठक

भारत, अमेरिका, आस्ट्रेलिया और जापान की सदस्यता वाला क्वाड हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता पर ध्यान देने वाला महत्वपूर्ण समूह बनकर उभरा है। भारत इस बैठक की मेजबानी कर रहा है, क्योंकि वह इस गठबंधन का वर्तमान अध्यक्ष है। यह बैठक वाशिंगटन में क्वाड के विदेश मंत्रियों की बैठक के लगभग एक साल बाद हो रही है।

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मंत्री प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श करेंगे। वे मौजूदा पहलों की प्रगति की समीक्षा करेंगे और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों तथा आपसी हित के अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

वैश्विक चुनौतियों पर होगा विचार-विमर्श

बैठक की तैयारियों से परिचित लोगों ने बताया कि क्वाड के विदेश मंत्री यूक्रेन और पश्चिम एशिया के संघर्षों सहित प्रमुख वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श करेंगे। वे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग की समीक्षा करेंगे, जो कि चीन की बढ़ती आक्रामकता का सामना कर रहा है। पिछले कुछ वर्षों में क्वाड ने समुद्री सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी सहित हिंद-प्रशांत क्षेत्र की कुछ सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों और चुनौतियों से निपटने के लिए कई पहल शुरू की है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button