RO.NO. 01
देश

IMD Weather Alert: असम, केरल और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का खतरा, अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात गंभीर कर दिए हैं। रविवार को असम, केरल, छत्तीसगढ़ और गुजरात में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। कई लोगों की मौत हुई है, हजारों घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में भी कई क्षेत्रों में भारी बारिश और अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है।

असम में बाढ़ से 85 लोगों की मौत

असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, बाढ़ से अब तक 85 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे अधिक प्रभावित जिले शिवसागर, गोलाघाट, जोरहाट, चराईदेव और धेमाजी हैं, जहां 349 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

करीब 1.80 लाख लोग इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। अकेले शिवसागर जिले में 55 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं। राहत कार्यों के तहत पांच जिलों में 54 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां 13,771 लोग शरण लिए हुए हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रभावित जिलों में राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की है।

केरल में भारी बारिश और भूस्खलन से 8 मौतें

केरल में मूसलधार बारिश और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लोग लापता बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 13 लोग घायल हुए हैं।

भारी बारिश के कारण 27 घर पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि 196 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। राज्यभर में 209 राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां 5,792 लोगों को सुरक्षित पहुंचाया गया है।

राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। मौसम विभाग ने 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट तथा तिरुवनंतपुरम और कोल्लम में येलो अलर्ट जारी किया है।

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में बाढ़ से भारी नुकसान

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में बाढ़ के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। यहां 16 घर बह गए, जबकि 50 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में दो लड़कियों की मौत हो गई। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।

गुजरात में भी लगातार बारिश

गुजरात के कई हिस्सों में रविवार को मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। राजकोट में सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक 62 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राज्य में इस मानसून सीजन में अब तक 623.29 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य मौसमी बारिश का लगभग 68.58 प्रतिशत है।

IMD ने जारी किया अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, पहाड़ी क्षेत्रों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button