छात्रावास की भूमि से हटाया जा रहा अवैध कब्जा, 17 मकानों पर प्रशासन की कार्रवाई

बलरामपुर । अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। रामचंद्रपुर विकासखंड में छात्रावास की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मैदान में उतरी है।
जानकारी के अनुसार, छात्रावास की जमीन पर अतिक्रमण कर मकान बनाए गए थे। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अब तक 9 मकानों को हटाया है। वहीं कुल 17 मकानों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की प्रक्रिया जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक छात्रावास की भूमि समेत तीन गांवों में चिन्हित अतिक्रमणों पर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहा है, जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
रामचंद्रपुर विकासखंड में चल रही इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।



