दर्दनाक हादसा: हाथी के हमले में पति-पत्नी की मौत, वन विभाग ने जारी की चेतावनी

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां दल से बिछड़े एक हाथी ने पति-पत्नी को कुचल दिया। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच कुंदीकला गांव के बांधपारा जंगल क्षेत्र में हुई। मृत दंपति जंगल की ओर गए हुए थे, तभी अचानक दल से अलग हुए एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से कल्याणपुर क्षेत्र में करीब 5 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में पहले से ही दहशत का माहौल बना हुआ था। इसी बीच यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वन विभाग के अनुसार, क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए पहले ही सतर्कता बरतने की अपील की गई थी। हादसे के बाद विभाग ने एक बार फिर ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
यह मामला राजपुर वन परिक्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां लगातार हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।



