भाटापारा में ₹5.61 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, आवास हितग्राहियों को मिली घर की चाबी; सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना

पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
कार्यक्रम में शहर की पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इंटेकवेल से फिल्टर प्लांट तक पाइपलाइन विस्तार के कार्य का भूमिपूजन हुआ, जिसकी लागत करीब ₹4 करोड़ 8.81 लाख है।
इसके अलावा ₹1 करोड़ 52.25 लाख की लागत से ओवरहेड टैंक निर्माण का भी शुभारंभ किया गया। इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को और मजबूत होने की उम्मीद जताई गई है।
बृजमोहन अग्रवाल के कांग्रेस पर तीखे तेवर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नगर पालिका चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब वे अश्वनी शर्मा के लिए वोट मांगने भाटापारा आए थे, तब उन्होंने शहर के विकास की गारंटी ली थी। अग्रवाल ने दावा किया कि अब भाटापारा में विकास की गंगा बह रही है।
सतनामी समाज का जिक्र करते हुए सांसद ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में समाज के लिए दुनिया के सबसे बड़े कुतुबमीनार से भी ऊंचा जैतखंभ बनाया गया है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने कभी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का सम्मान नहीं किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सम्मान देने का काम किया है।

अंधविश्वास के सवाल पर बोले—पार्टी की रीति-नीति के आधार पर चलें
मीडिया ने जब सांसद से भाजपा के कुछ नेताओं और सांसदों की ओर से अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाले बयानों को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि कौन व्यक्ति क्या कहता है, यह महत्वपूर्ण नहीं है। सभी को पार्टी की रीति-नीति के आधार पर चलना और काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं।
हर वार्ड में विकास कार्यों पर जोर
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है। शहर का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि पेयजल से जुड़े दोनों महत्वपूर्ण कार्य पूरे होने के बाद शहरवासियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने की बात कही।
कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप छाबड़िया सहित भाजपा के पार्षद और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



