RO.NO. 01
देश

FSSAI का बड़ा एक्शन: कई मशहूर शराब ब्रांड्स की कुछ वैरायटी की बिक्री पर रोक, जानिए वजह

नई दिल्ली। देश के लोकप्रिय शराब ब्रांड्स ओल्ड मोंक, रॉयल चैलेंज, एंटिक्विटी ब्लू, बैगपाइपर डीलक्स समेत कुछ अन्य उत्पादों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन के आरोप में इन ब्रांड्स की कुछ विशेष वैरायटी की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। यह कार्रवाई शराब में कृत्रिम फ्लेवर के इस्तेमाल को लेकर सामने आई रिपोर्ट के बाद की गई है।

कृत्रिम फ्लेवर के इस्तेमाल पर कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, जांच में पाया गया कि कुछ शराब उत्पादों में स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए ऐसे कृत्रिम फ्लेवर मिलाए गए, जो निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं हैं। FSSAI का कहना है कि शराब का स्वाद और सुगंध प्राकृतिक सामग्री तथा उचित मैच्युरेशन (परिपक्वता) प्रक्रिया से विकसित होनी चाहिए। अलग से व्हिस्की में व्हिस्की फ्लेवर या रम में रम फ्लेवर मिलाना निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं माना गया।

इन ब्रांड्स की वैरायटी आई कार्रवाई की जद में

कार्रवाई के दायरे में मध्य प्रदेश की कुछ फैक्ट्रियों में निर्मित एंटिक्विटी ब्लू व्हिस्की, रॉयल चैलेंज व्हिस्की, बैगपाइपर डीलक्स व्हिस्की और ओल्ड कास्क डीलक्स ट्रिपल एक्स रम शामिल हैं। वहीं महाराष्ट्र स्थित एक यूनिट में तैयार ओल्ड मोंक की तीन अलग-अलग वैरायटी पर भी रोक लगाई गई है।

कंपनियों की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान

इस मामले में संबंधित कंपनियों यूनाइटेड स्पिरिट्स, इनब्रू बेवरेजेज और मोहन रॉकी स्प्रिंगवॉटर की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।

क्या पूरे देश में लगी है रोक?

फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह प्रतिबंध सभी राज्यों में बिकने वाले इन ब्रांड्स पर नहीं, बल्कि कुछ विशेष विनिर्माण इकाइयों (मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स) में तैयार की गई चुनिंदा खेपों पर लागू है। पूरे देश में इन उत्पादों की बिक्री पर रोक लगी है या नहीं, इस संबंध में FSSAI की विस्तृत गाइडलाइन का इंतजार किया जा रहा है।

फिलहाल उपभोक्ताओं को सलाह दी जा रही है कि वे संबंधित उत्पाद खरीदते समय उसकी निर्माण इकाई और बैच संबंधी जानकारी पर ध्यान दें। आने वाले दिनों में FSSAI की ओर से इस मामले में और स्पष्ट निर्देश जारी किए जा सकते हैं।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button