RO.NO. 01
खेल

डायमंड लीग: श्रीलंका के रुमेश पथिराजे ने तोड़ा रिकॉर्ड, एशिया में बढ़ाया दबदबा

रोम। श्रीलंका के जैवलिन थ्रोअर रुमेश पथिराजे ने एथलेटिक्स की दुनिया में बड़ा उलटफेर करते हुए इतिहास रच दिया है। डायमंड लीग में अपने डेब्यू मुकाबले में ही उन्होंने 92.62 मीटर का जबरदस्त थ्रो कर सभी को चौंका दिया और कई दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।

इस प्रदर्शन के साथ रुमेश पथिराजे एशिया के दूसरे सबसे लंबे भाला फेंकने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अपने दूसरे ही प्रयास में यह ऐतिहासिक थ्रो किया, जिससे पूरा स्टेडियम हैरान रह गया।

इस थ्रो के साथ उन्होंने चीनी ताइपे के चेंग चाओ-त्सुन के 91.36 मीटर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। साथ ही भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा के 90.23 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को भी पार कर लिया।

हालांकि एशिया का सबसे बड़ा रिकॉर्ड अभी भी पाकिस्तान के अरशद नदीम के नाम है, जिन्होंने 92.97 मीटर का थ्रो किया था। इसके बाद अब पथिराजे एशिया के दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद पथिराजे ने कहा कि रोम का मौसम और परिस्थितियां उनके लिए काफी अनुकूल रहीं, जिससे उन्हें बेहतरीन थ्रो करने में मदद मिली। उन्होंने इस जीत को अपने देश श्रीलंका के लिए गर्व का पल बताया।

वहीं भारतीय खिलाड़ी सचिन यादव इस मुकाबले में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और 79.18 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ आठवें स्थान पर रहे। उनके प्रदर्शन से भारतीय फैंस को निराशा हाथ लगी।

डायमंड लीग के इस मुकाबले ने एशियाई जैवलिन थ्रो इतिहास में नई हलचल पैदा कर दी है, जहां नए सितारे के रूप में रुमेश पथिराजे का नाम तेजी से उभरकर सामने आया है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button