छत्तीसगढ़
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी विकास कार्यों की बड़ी सौगात, 4.36 करोड़ रूपए लागत के सड़क पुल-पुलिया निर्माण का किया भूमिपूजन’
’चिर परिचित अंदाज में उप मुख्यमंत्री ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठे, समस्याएं सुनी, अनेक विकास कार्यों की घोषणा की’

कबीरधाम : कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भगवताटोला से भैंसबोर्ड मार्ग पर अब आवागमन और अधिक सुगम होने जा रहा है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम बबई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 4.36 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली 2.40 किलोमीटर लंबी सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई और कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में साजा विधायक ईश्वर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से जमीन पर बैठकर आत्मीय चर्चा की, उनकी समस्याएं सुनीं और कई मांगों पर तत्काल विकास कार्यों की घोषणा भी की।
घोषित कार्यों में विभिन्न ग्रामों के लिए सामुदायिक भवन, मंदिर कक्ष निर्माण, सामुदायिक शौचालय, रंगमंच, पचरी निर्माण, मुरमीकरण तथा सोलर आटा चक्की जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इन कार्यों से स्थानीय स्तर पर बुनियादी ढांचे और ग्रामीण सुविधाओं में सुधार होने की बात कही गई है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांवों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सड़क, आवास, किसान हित और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है, जिससे अब तक कई किस्तों में लाभ पहुंचाया जा चुका है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, ताकि जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर मिल सके।
साजा विधायक ईश्वर साहू ने भी कार्यक्रम में विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए सरकार का आभार जताया और कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री की गारंटी के अनुरूप योजनाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है।



