पेट्रोल की कालाबाजारी से आमजन परेशान, खुले में महंगे दामों पर बिक्री

बलरामपुर: बलरामपुर जिले में इन दिनों पेट्रोल की कालाबाजारी जोरों पर है। पेट्रोल पंपों पर शॉर्टेज के चलते आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि पंपों पर पेट्रोल नहीं मिलने के कारण लोग मजबूर होकर खुले में महंगे दामों पर पेट्रोल खरीद रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जिले में पेट्रोल 120 से 130 रुपये प्रति लीटर तक बेचा जा रहा है। पेट्रोल पंपों के आसपास ही बोतलों में पेट्रोल की खुलेआम बिक्री हो रही है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंपों पर नियमित आपूर्ति नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है। वहीं, जिला प्रशासन अब तक इस कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण करने में नाकाम नजर आ रहा है।
स्थिति को देखते हुए आम जनता ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर पेट्रोल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर सख्त रोक लगाने की मांग की है।



