छत्तीसगढ़ में कॉलेज एडमिशन की तारीख बढ़ी, अब 31 अगस्त तक मिलेगा प्रवेश का मौका

रायपुर, 17 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। अब राज्य के जिन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत दाखिला ले सकेंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का मूल ध्येय प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मेधावी विद्यार्थी विभिन्न व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण समय पर प्रवेश नहीं ले पाए थे। सरकार नहीं चाहती कि केवल प्रवेश की निर्धारित तिथियों के कारण किसी योग्य विद्यार्थी का एक वर्ष खराब हो या वह उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए।
मंत्री वर्मा ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश के लिए मिले इस अतिरिक्त अवसर का पूरा लाभ उठाएं और समय सीमा के भीतर संबंधित महाविद्यालय में दाखिला सुनिश्चित करें।
पहले 14 अगस्त तक थी समय सीमा
उल्लेखनीय है कि इससे पहले उच्च शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई थी। इसके बाद कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त 2026 तक प्रवेश की अनुमति दी गई थी।
हालांकि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी प्रदेश के कई महाविद्यालयों में सीटें रिक्त रह गई थीं। वहीं दूर-दराज के क्षेत्रों के कई विद्यार्थी विभिन्न कारणों से समय पर आवेदन नहीं कर सके थे। विद्यार्थियों के हित और रिक्त सीटों को ध्यान में रखते हुए शासन ने प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है।
अब विद्यार्थियों के पास 31 अगस्त 2026 तक कॉलेजों में प्रवेश लेने का अंतिम अवसर रहेगा।



