सयंत्रों में हादसों पर सख्त कलेक्टर, 1 मई तक अनिवार्य सेफ्टी ड्रिल का अल्टीमेटम

बलौदाबाजार, 24 अप्रैल 2026। जिले में औद्योगिक दुर्घटनाओं पर लगाम कसने के लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को आयोजित निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी सीमेंट एवं अन्य औद्योगिक संयंत्रों को 1 मई तक अनिवार्य रूप से सेफ्टी ड्रिल पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले के विभिन्न संयंत्रों के यूनिट हेड और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने CSR मद के तहत मिलने वाली राशि, वर्तमान कार्यों और आगामी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संयंत्रों में हो रही दुर्घटनाओं को गंभीर बताते हुए कहा कि सेफ्टी ड्रिल के माध्यम से संभावित खामियों की पहचान कर उन्हें तत्काल दूर किया जाए। साथ ही सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर शर्मा ने संयंत्र परिसरों के 3 से 5 किलोमीटर के दायरे को साफ-सुथरा और हरियालीयुक्त बनाने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा, स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए “हम होंगे कामयाब” योजना के तहत विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने एक संयुक्त वेब पोर्टल विकसित करने की बात कही, जिसमें संयंत्र अपनी जरूरत के अनुसार जानकारी अपडेट करेंगे और युवा अपनी योग्यता के अनुसार प्रशिक्षण और रोजगार के लिए आवेदन कर सकेंगे।
कलेक्टर ने इस वर्ष लगभग 2 हजार युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही, जेईई और नीट की कोचिंग सुविधा के लिए पहले चरण में 40 छात्रों का चयन कर कक्षाएं शुरू करने को कहा गया।
बैठक में दिए गए निर्देशों से साफ है कि जिला प्रशासन अब सुरक्षा, स्वच्छता और रोजगार के मुद्दों पर एक साथ सख्त और सक्रिय रणनीति अपनाने जा रहा है।




