कलेक्टर दीपक सोनी का दो टूक: जिले के मिलर्स तय समय में चावल जमा करें, नहीं तो होगी कड़ी कार्रवाई

बलौदाबाजार | धान उठाव और चावल जमा करने में लापरवाही अब भारी पड़ेगी। कलेक्टर दीपक सोनी ने सोमवार को जिले के मिलर्स की सख्त बैठक लेकर नान (NAN) में चावल जमा की प्रगति की समीक्षा की और दो टूक चेतावनी दी कि किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने बताया कि जिले की सभी पीडीएस दुकानों में 20 फरवरी को चावल उत्सव आयोजित किया जाना है, जिसके मद्देनज़र 10 फरवरी तक खाद्यान्न का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव, मिलिंग और चावल की डिलीवरी तय समय-सीमा में हर हाल में पूरी होनी चाहिए।
बैठक में कलेक्टर ने मिलर्स को निर्देश दिए कि आवंटित कोटे के अनुसार तत्काल धान उठाव करें और मिलिंग के बाद चावल की आपूर्ति में कोई बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए कि मिलर्स द्वारा धान उठाव की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए और जो मिलर्स रुचि नहीं ले रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने यह भी साफ कहा कि उपार्जन केंद्रों में धान अटका नहीं रहना चाहिए, अधिक से अधिक धान का उठाव कर उसे मिलर्स के पास पहुंचाया जाए, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली प्रभावित न हो। बैठक में खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और मिलर्स मौजूद रहे।



