अवैध अफीम खेती पर सीएम विष्णु देव साय सख्त, सभी कलेक्टरों को 15 दिन में सर्वे कर प्रमाण पत्र सहित रिपोर्ट देने के निर्देश

रायपुर, 12 मार्च 2026। प्रदेश में अवैध रूप से अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में संभावित क्षेत्रों का व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि कहीं भी अवैध अफीम की खेती न हो सके।
मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश के किसी भी हिस्से में अवैध रूप से अफीम की खेती नहीं हो रही है। इसके लिए सभी कलेक्टरों को 15 दिवस के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट और प्रमाण पत्र सहित जानकारी शासन को प्रस्तुत करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन और तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के पालन में आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी कर दिया गया है।
पत्र में निर्देश दिया गया है कि संबंधित क्षेत्रों का सर्वे कर यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले में कहीं भी अफीम की अवैध खेती नहीं की जा रही है और इसकी प्रमाणित रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाए।सरकार के इस सख्त रुख के बाद प्रशासनिक अमले में सक्रियता बढ़ गई है और जिलों में संभावित क्षेत्रों की पहचान कर जांच प्रक्रिया शुरू किए जाने की तैयारी की जा रही है।



