CM साय ने मशाल लेकर किया ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व, बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में बुधवार को ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों समेत 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की बात कही।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक होंगे। इनसे आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश मिलेगा कि देश की प्रगति में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
CM साय ने दिलाया विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने हिस्सा लिया।
PM मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके निरंतर सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
साय ने कहा कि यह यात्रा जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना भी की।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इस दौरान सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत में 17 सितंबर को प्रदेशवासियों ने डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की थी।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य देश के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार का लक्ष्य नहीं बल्कि देशवासियों का सामूहिक संकल्प है।
साय ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है। इसी दिशा में राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से प्रदेश के आगामी विकास की दिशा तय की है।
उन्होंने नागरिकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने और विकसित छत्तीसगढ़ एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
सिंगापुर दौरे का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की सोच है कि भारत के राज्य दुनिया के विभिन्न देशों के साथ आर्थिक और संस्थागत संबंध मजबूत करें तथा निवेश, तकनीक, कौशल और नवाचार के अवसरों का लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ और हरियाणा को सिंगापुर में आयोजित ‘Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026’ में भागीदारी के लिए चुना था। इस दौरान उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी को लेकर चर्चा हुई।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी किया संबोधित
कार्यक्रम को सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए नागरिकों से सेवा ज्योति यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



