RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रतनपुर में कल्चुरी समाज सम्मेलन में की बड़ी घोषणाएं — बनेगा 100 बिस्तर का अस्पताल और 1 करोड़ से बनेगा सामुदायिक भवन

Ro no 03

रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर जिले के रतनपुर में आयोजित कल्चुरी कलार समाज के महासम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्रबाहु और बहादुर कलारीन दाई की पूजा-अर्चना कर विशाल सम्मेलन का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर रतनपुर के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने रतनपुर में 100 बिस्तर के अस्पताल की स्थापना और 1 करोड़ रुपये की लागत से कल्चुरी समाज के सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की। साथ ही बताया कि केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के तहत रतनपुर के समग्र विकास के लिए 200 करोड़ रुपये की कार्ययोजना स्वीकृति हेतु भेजी गई है, जिसे शीघ्र स्वीकृति मिलने की संभावना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की। इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा और महापौर पूजा विधानी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कल्चुरी राजवंश ने रतनपुर समेत देश के कई हिस्सों में लगभग 1200 वर्षों तक शासन किया, उनके काल में प्रजा सुखी और देश समृद्ध था। उन्होंने कहा कि मां महामाया की कृपा से आज छत्तीसगढ़ तीव्र गति से प्रगति कर रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य की नई उद्योग नीति को देशभर में सराहना मिल रही है और अब तक 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें AI और सेमीकंडक्टर उद्योगों की स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विजन डॉक्यूमेंट 2047 के तहत समाज के हर वर्ग की भागीदारी से राज्य को विकास के नए शिखर पर पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों से किए गए वादे निभा रही है — धान खरीदी ₹3100 प्रति क्विंटल की दर पर हो रही है और महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को हर माह ₹1000 की सहायता राशि दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य रखा है और इस दिशा में तेजी से कार्य चल रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रतनपुर कल्चुरी शासन का प्रमुख केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास कार्यों की गति तेज है। कल्चुरी समाज के पूर्वजों द्वारा किए गए जनहितकारी कार्यों की परंपरा को राज्य सरकार आगे बढ़ा रही है।संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सनातन संस्कृति सामाजिक समरसता की प्रतीक है और सभी समाजों के आराध्य देवों के प्रति समान आदर का भाव रखती है।

कार्यक्रम में कल्चुरी समाज के मोहित जायसवाल ने स्वागत भाषण दिया।

सम्मेलन में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मां महामाया मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और राज्य की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button