मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खेलों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी और कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का किया विमोचन
फोटो प्रदर्शनी में प्रदेश की खेल विभूतियों के जीवन और योगदान की झलक, कॉफी टेबल बुक में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की उपलब्धियां संकलित

रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के गौरवशाली खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री साय ने फोटो प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की खेल विभूतियों के जीवन, संघर्ष, उपलब्धियों और खेल जगत में उनके योगदान से जुड़ी तस्वीरों एवं जानकारियों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश के खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की इस पहल की सराहना की।
खेल विभूतियों के संघर्ष और योगदान को किया प्रदर्शित
विशेष फोटो प्रदर्शनी में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे सहित छत्तीसगढ़ की अनेक खेल विभूतियों के जीवन और योगदान को तस्वीरों एवं रोचक जानकारियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
प्रदर्शनी में वीर हनुमान सिंह के जीवन, उनकी खेल साधना और खेल जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा प्रदेश के खिलाड़ियों के संघर्ष से सफलता तक के सफर को भी प्रभावी ढंग से दर्शाया गया है।
प्रदर्शनी में खिलाड़ियों की उपलब्धियों के साथ उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।

‘हमारे खिलाड़ी’ में दर्ज है छत्तीसगढ़ की खेल विरासत
मुख्यमंत्री साय ने समारोह में कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन किया। इस पुस्तक में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के जीवन परिचय, खेल यात्रा, महत्वपूर्ण उपलब्धियों और योगदान को आकर्षक तस्वीरों के साथ संकलित किया गया है।
यह पुस्तक प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को दस्तावेजीकृत करने के साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध खेल विरासत को नई पीढ़ी से परिचित कराने का माध्यम बनेगी।
खेल एवं जनसंपर्क विभाग की संयुक्त पहल
फोटो प्रदर्शनी और कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ को खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार किया गया है। इस पहल के जरिए छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास, गौरवशाली खेल विभूतियों और वर्तमान खिलाड़ियों की उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया है।
कई जनप्रतिनिधि और खेल जगत से जुड़े लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं विजय बघेल, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू और सुनील सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिसोदिया, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी भी समारोह में शामिल हुए।



