मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 37वीं फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप का किया उद्घाटन

रायपुर, 3 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 37वीं फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन किया। छत्तीसगढ़ राज्य व्हॉलीबॉल एसोशिएशन द्वारा 3 फरवरी से 8 फरवरी तक इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
चैंपियनशिप में भारत के लिए खेल चुके कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों सहित कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। रेलवे, सर्विसेस और इंडियन यूनिवर्सिटी सहित विभिन्न राज्यों की टीमें इसमें शामिल हैं। पुरुष वर्ग में 10 और महिला वर्ग में 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इंडोर स्टेडियम में रुके और तमिलनाडू तथा सर्विसेस के बीच हुए उद्घाटन मुकाबले को पूरा देखा। कांटे के इस रोमांचक मैच के समाप्त होने के बाद ही वे स्टेडियम से रवाना हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत है। व्हॉलीबॉल टीमवर्क, सहयोग और समन्वय की भावना को मजबूत करता है। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने इस खेल में प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक अधोसंरचना और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर राज्य सरकार लगातार जोर दे रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए वर्षों से बंद राज्य खेल अलंकरण सम्मान को पुनः प्रारंभ किया गया है। ओलंपिक खेलों में राज्य के खिलाड़ी की भागीदारी पर 21 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं स्वर्ण पदक जीतने पर 3 करोड़, रजत पदक पर 2 करोड़ और कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की नई पहचान देश-दुनिया में बन रही है। पिछले दो वर्षों से राज्य में बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पहले वर्ष 1 लाख 65 हजार और दूसरे वर्ष लगभग 4 लाख प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
छत्तीसगढ़ व्हॉलीबॉल एसोशिएशन के अध्यक्ष महेश गागड़ा ने स्वागत भाषण में प्रतियोगिता की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ व्हॉलीबॉल सहित विभिन्न व्हॉलीबॉल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
इन राज्यों की टीमें ले रहीं हैं हिस्सा
37वें फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में रेलवे, सर्विसेस, इंडियन यूनिवर्सिटी, केरल, तमिलनाडू, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और छत्तीसगढ़ की टीमें भाग ले रही हैं। वहीं महिला वर्ग में रेलवे, इंडियन यूनिवर्सिटी, केरल, हरियाणा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की टीमें शामिल हैं। कई टीमों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी मौजूद हैं।





