मुख्यमंत्री ने झुमका जलाशय में बोटिंग और वाटर स्पोर्ट सुविधाओं का किया अवलोकन, ओपन थिएटर का किया लोकार्पण

रायपुर : विष्णु देव साय ने कोरिया प्रवास के दौरान बैकुंठपुर स्थित प्रसिद्ध झुमका जलाशय परिसर में नवनिर्मित ओपन थिएटर का लोकार्पण किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा लगभग 27 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह ओपन थिएटर 500 दर्शकों की बैठने की क्षमता के साथ सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक नया केंद्र बनेगा।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री साय ने झुमका जलाशय में शिकारा से नौका विहार किया और क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। हरियाली, शांत जलराशि और कमल के फूलों से सजे इस स्थल पर विकसित बोटिंग और वाटर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाओं का उन्होंने अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झुमका जलाशय कोरिया जिले की पहचान होने के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाओं का प्रतीक है। राज्य सरकार पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटकों की सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही स्थानीय युवाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के अवसर सृजित करने पर बल दिया।
इस अवसर पर रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल, भैयालाल राजवाड़े सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




