RO.NO. 01
देश

इंडियन ऑयल में निकली बंपर भर्ती, 400 से ज्यादा पदों पर मौका; जल्द करें आवेदन

नई दिल्ली। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) में अप्रेंटिस के पदों पर भर्ती का शानदार मौका है। IOCL ने 433 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 6 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के अप्रेंटिसशिप सेक्शन के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

यह भर्ती टेक्नीशियन अप्रेंटिस, ट्रेड अप्रेंटिस और ग्रेजुएट अप्रेंटिस सहित विभिन्न पदों के लिए की जा रही है। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में की जाएगी।

433 पदों पर होगी भर्ती

IOCL की इस भर्ती में कुल 433 पद शामिल हैं। इनमें 156 टेक्नीशियन अप्रेंटिस, 104 ट्रेड अप्रेंटिस, 104 ग्रेजुएट अप्रेंटिस और 69 ट्रेड अप्रेंटिस डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) के पद शामिल हैं।

किस पद के लिए क्या योग्यता?

टेक्नीशियन अप्रेंटिस: संबंधित इंजीनियरिंग विषयों जैसे मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन, सिविल, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स या इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ डिप्लोमा होना चाहिए। एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों के लिए 45 प्रतिशत अंक मान्य हैं।

ट्रेड अप्रेंटिस: उम्मीदवार का 10वीं पास होने के साथ संबंधित ट्रेड में दो वर्षीय आईटीआई होना जरूरी है। फिटर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक और मशीनिस्ट जैसे ट्रेड शामिल हैं।

ग्रेजुएट अप्रेंटिस: मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बीबीए, बीए, बीकॉम या बीएससी की डिग्री न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ होनी चाहिए। एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों के लिए 45 प्रतिशत अंक मान्य हैं।

ट्रेड अप्रेंटिस DEO: मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

DEO स्किल सर्टिफिकेट वाले उम्मीदवार: 12वीं पास होने के साथ डोमेस्टिक डाटा एंट्री ऑपरेटर का एक वर्षीय स्किल सर्टिफिकेट होना जरूरी है।

इतनी होनी चाहिए उम्र

उम्मीदवार की आयु 31 अगस्त 2026 तक न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 24 वर्ष होनी चाहिए। ओबीसी-एनसीएल उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 27 वर्ष और एससी/एसटी उम्मीदवारों के लिए 29 वर्ष निर्धारित है। पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में अतिरिक्त छूट दी जाएगी।

बिना परीक्षा और इंटरव्यू के होगा चयन

इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों का चयन मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा। मेरिट सूची 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा या ग्रेजुएशन में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। इसके लिए किसी लिखित परीक्षा या इंटरव्यू का आयोजन नहीं किया जाएगा।

शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद प्री-एंगेजमेंट मेडिकल फिटनेस टेस्ट भी होगा।

6 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन

IOCL अप्रेंटिस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 6 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक भर्ती अधिसूचना में पदवार योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button