RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

मानसून को लेकर बड़ा अपडेट, छत्तीसगढ़ में 16 जून तक बारिश की संभावना

रायपुर। केरल में तीन दिन की देरी के बाद आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी है, जिससे देशभर में मौसम के बदलने की प्रक्रिया तेज हो गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं और अनुमान है कि यह छत्तीसगढ़ में 16 जून तक पहुंच सकता है।

प्रदेश में आंधी-बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अब बंगाल की खाड़ी, लक्षद्वीप, अरब सागर, केरल, कर्नाटक के कुछ हिस्सों, माहे, कोमोरिन क्षेत्र और तमिलनाडु में सक्रिय हो चुका है। साथ ही तटीय आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के ऊपर ऊपरी हवा में लगभग 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है।

इसी मौसमी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, छींटे और कुछ स्थानों पर वज्रपात की संभावना जताई गई है। विभाग ने तेज आंधी चलने की भी चेतावनी जारी की है।

रायपुर में सबसे अधिक तापमान

छत्तीसगढ़ में मानसून से पहले गर्मी का असर अभी भी जारी है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा। राजनांदगांव में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मैनपाट, अंबिकापुर और छोटे डोंगर में एक-एक सेंटीमीटर बारिश भी रिकॉर्ड की गई है।

अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने रायपुर में शुक्रवार को हल्की बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई है। अगले 2–3 दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि लू जैसी स्थिति अब समाप्त होने के आसार हैं और धीरे-धीरे गर्मी में कमी आने की उम्मीद है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button