RO.NO. 01
देश

राम मंदिर दान काउंटिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव, बिना जेब वाली ड्रेस और डबल सिक्योरिटी लागू

अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी के आरोपों के बाद दान काउंटिंग व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कई अहम बदलाव लागू किए हैं। नई व्यवस्था के तहत अब काउंटिंग हॉल में प्रवेश से पहले कर्मचारियों की दोहरी सुरक्षा जांच (डबल चेकिंग) होगी और उनके लिए विशेष ड्रेस कोड भी अनिवार्य कर दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, दान की गिनती में शामिल कर्मचारियों को अब बिना जेब (पॉकेट) वाली डार्क ब्लू यूनिफॉर्म पहननी होगी। काउंटिंग हॉल में प्रवेश से पहले प्रत्येक कर्मचारी को दो चरणों की सुरक्षा जांच से गुजरना होगा, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को रोका जा सके।

नई व्यवस्था के तहत दान की गिनती अब कुर्सी-मेज की बजाय जमीन पर बैठकर कराई जाएगी। इसके अलावा मोबाइल फोन, कैमरा, बैग और अन्य निजी सामान को काउंटिंग हॉल के अंदर ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। कर्मचारियों को प्रवेश से पहले जूते-चप्पल भी बाहर उतारने होंगे।

इसी बीच, चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में आरोपी अनुकल्प मिश्रा को लेकर भी नई जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसके नाम पर मंदिर में ‘व्यवस्था कार्यकर्ता’ के रूप में एंट्री पास जारी किया जाता था। आरोप है कि मंदिर के विशेष आयोजनों के दौरान इसी पास के जरिए उसे परिसर में प्रवेश मिलता था और वह दान की गिनती की प्रक्रिया में भी शामिल होता था।

मामले पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि भगवान के घर में अपराध करने वालों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। हालांकि, चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की जांच अभी जारी है और संबंधित एजेंसियां पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही हैं।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button