भाटापारा : भाजपा की आमसभा ने बनाया चुनावी माहौल

Share this

भाटापारा। सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के 9 वर्ष पर भाटापारा में आयोजित जनसभा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर पूरी आक्रामकता के साथ हमला बोलते हुए कहा कि भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार कर करके पूरे देश में छत्तीसगढ़ को बदनाम कर दिया है।छत्तीसगढ़ का विकास रुक गया है। कांग्रेस की प्राथमिकता में गांव गरीब और किसान कभी नहीं रहे। गांव गरीब किसान का विकास अटल बिहारी वाजपेई की सरकार के समय शुरू हुआ और मोदी जी की सरकार में 9 साल में गांव गरीब किसान की दिशा और दशा बदल गई है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल को छत्तीसगढ़ की महतारियों ने सत्ता में बैठाया है लेकिन वह उन्हें लूट कर सोनिया महतारी को रकम भेज रहे हैं। वे आजकल बहुत राम राम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में प्रचलित गीत है कि चलबे की बेरा हो गई राम राम कर ले। भूपेश बघेल यही कर रहे हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार पर निशाना साधते हुए कहा कि भूपेश बघेल के राज में यह हो रहा है कि रेत में आवन दे, कोयला में आवन दे, शराब में आवन दे। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जहां भ्रष्टाचार न हुआ हो। छत्तीसगढ़ को लूटकर कांग्रेस का घर भरा जा रहा है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने रायपुर लोकसभा के भाटापारा विधानसभा क्षेत्र की जनसभा में नया नारा बुलंद करते हुए कहा कि बहुत हुआ भ्रष्टाचार, बदल डालो यह सरकार। श्री साव ने प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर के सम्मान में कहा कि हमारे बीच देश के ऐसे राजनीतिक पुरोधा मौजूद हैं जिन्होंने उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनाकर देश के सबसे बड़े राज्य को माफिया राज से मुक्त कर दिया। वहां अपराधियों पर योगी जी का बुलडोजर चल रहा है। आने वाले चुनाव में यहां भी उत्तर प्रदेश जैसी ही भाजपा सरकार बनेगी।भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के इन9 वर्ष में देश के स्वाभिमान में वृद्धि हुई है। दुनिया के देशों में हमारे प्रधानमंत्री के प्रति विश्वास बढ़ा है। हम इस समय कई विषयों पर विश्व का नेतृत्व कर रहे हैं। कोरोना के समय देश अनपेक्षित संकट में आ गया था।हमारे प्रधानमंत्री और हमारे वैज्ञानिकों ने देश को इस संकट से बाहर निकाला और वैश्विक मानवता की भी मिसाल पेश की। यह भारत की वह तस्वीर है, जिसकी कभी कल्पना भी नहीं की गई। आज का भारत दुनिया भर को विकास और विश्वास का मार्ग दिखा रहा है।वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर गरीबों का मकान पानी शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं छीन लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि भूपेश बघेल को भ्रष्टाचार करने से फुर्सत नहीं है। 20 लाख गरीबों के मकान भूपेश बघेल सरकार ने नहीं बनने दिया। प्रधानमंत्री ने इन मकानों के लिए पैसा भेजा लेकिन भूपेश बघेल सरकार ने अपना हिस्सा देने की बजाय केंद्र सरकार का पैसा वापस भेज दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर घर में नल का शुद्ध पानी भेजने का काम कर रहे हैं और भूपेश बघेल आम जनता के पानी में भी भ्रष्टाचार कर रहे हैं। उन्होंने भूपेश बघेल सरकार को हटाने का आव्हान किया।

सांसद सुनील सोनी ने केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए पैसों का दुरुपयोग कर छत्तीसगढ़ में भारी भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार छत्तीसगढ़ की जनता के हक को लूट रही है। छत्तीसगढ़ का विकास अवरुद्ध हो गया है। यह सरकार छत्तीसगढ़ की जनता से छल कर रही है।

जनता का पैसा कांग्रेस का खजाना बन गया है।भाटापारा विधायक व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का आव्हान करते हुए कहा कि साढ़े चार साल पहले छत्तीसगढ़ कांग्रेस की ठगी का शिकार हो गया। वादाखिलाफी के अलावा कांग्रेस सरकार ने कोई काम नही किया कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को लूटा। अब इस लुटेरी सरकार को दंड देने का समय आ गया है। आमसभा में प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष जयंती पटेल, सनम जांगड़े नंदे साहू, पूर्व मंडी उपाध्यक्ष अनिल पांडे पूर्व जनपद अध्यक्ष आनंद यादव पूर्व विधायक एवं लोकसभा रायपुर के जिलाध्यक्ष,जिला महामंत्री गण,सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष,प्रकोष्ठ,मोर्चा के अध्यक्ष और पदाधिकारी सहित भाजपा कार्यकर्ता व युवा मोर्चा बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Related Posts