RO.NO. 01
देश

महिला आरक्षण पर PM मोदी का कड़ा संदेश, बोले- रास्ते की हर रुकावट करेंगे खत्म

Ro no 03

नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक लाने की तैयारियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर महिला आरक्षण को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश की नारी शक्ति से किए गए वादे को पूरा करने के लिए संकल्पित है। महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर किया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि हमारा हौसला बुलंद है, हिम्मत अटूट है और इरादा अडिग है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार दोपहर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” इसके साथ ही उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर अपना पुराना वीडियो संदेश भी साझा किया।

महिला आरक्षण की राह में आने वाली हर बाधा दूर करेंगे : PM मोदी

वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को उचित भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। वे भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई महिलाएं उनसे इस मुद्दे को उठाती रही हैं और अनेक बहनों ने पत्र लिखकर अपनी भावनाएं और मांगें साझा की हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को खत्म किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का हौसला बुलंद है, हिम्मत अटूट है और इरादा अडिग है।

विरोध करने वाली पार्टियां महिलाओं की भागीदारी नहीं रोक पाएंगी

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में महिला आरक्षण का विरोध करने वाली राजनीतिक पार्टियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टियां देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से कभी नहीं रोक पाएंगी। उन्होंने कहा कि अब केवल वक्त का इंतजार है।

केंद्रीय कैबिनेट ने महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को दी मंजूरी

इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को मंजूरी दी गई। इन विधेयकों को संसद के विशेष सत्र में लाने की तैयारी है।

बताया गया है कि प्रस्तावित विधेयकों के पारित होने पर सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि और वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने का प्रावधान है।

महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की इन तैयारियों के बीच प्रधानमंत्री मोदी के ताजा संदेश ने इस मुद्दे को एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब सबकी नजर संसद के विशेष सत्र और इन विधेयकों पर होने वाली कार्यवाही पर टिकी है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button