बलरामपुर में धान की कालाबाजारी पर कार्रवाई, पिकअप समेत 63 बोरी अवैध धान जब्त, तस्कर फरार

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था के बीच अवैध धान की तस्करी पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। बलरामपुर जिले में संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन समेत 63 बोरी अवैध धान जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तस्कर वाहन छोड़कर जंगल में फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, डिंडो क्षेत्र में जनपद सीईओ रणवीर साय और मंडी सचिव वीरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने अवैध धान परिवहन की सूचना पर घेराबंदी की। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश से धान लाकर छत्तीसगढ़ के धान खरीदी केंद्रों में खपाने की तैयारी की जा रही थी।
संयुक्त टीम ने संदिग्ध पिकअप वाहन का पीछा किया। अधिकारियों को अपने पीछे आता देख वाहन में सवार तस्कर घबरा गए और सलवाही के जंगल में धान से लदा पिकअप छोड़कर फरार हो गए।

इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर पिकअप वाहन की तलाशी ली, जहां से 63 बोरी धान बरामद हुआ। प्रशासन ने वाहन और धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए डिंडो पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
धान की अवैध खरीदी-बिक्री और तस्करी पर प्रशासन की नजर
उत्तर प्रदेश से धान लाकर छत्तीसगढ़ के खरीदी केंद्रों में खपाने की कथित तैयारी को देखते हुए प्रशासन ने अवैध परिवहन के खिलाफ निगरानी तेज कर दी है। इस कार्रवाई के बाद फरार तस्करों की पहचान और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



