CM साय आज दुर्ग-भिलाई में, साइबर थाने समेत कई विकास कार्यों की देंगे सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंगलवार को दुर्ग-भिलाई और रायपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। दौरे का प्रमुख आकर्षण भिलाई के सेक्टर-6 में नवनिर्मित साइबर थाने का लोकार्पण होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुबह 11:10 बजे मुख्यमंत्री निवास रायपुर से रवाना होंगे। इसके बाद पुलिस ग्राउंड हेलीपेड से हेलीकॉप्टर द्वारा भिलाई पहुंचेंगे। सुबह 11:30 बजे जयंती स्टेडियम हेलीपेड पहुंचने के बाद वे रिसाली के मरौदा स्थित वार्ड क्रमांक 18 के दुर्गा मंदिर मंच जाएंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे।
इसके बाद दोपहर 12:50 बजे मुख्यमंत्री भिलाई के सेक्टर-6 स्थित नवनिर्मित साइबर थाने का उद्घाटन करेंगे। दोपहर 1:10 बजे गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, सेक्टर-6 पहुंचेंगे। यहां उनका कार्यक्रम आरक्षित रहेगा। इसके बाद वे सेक्टर-2 भिलाई जाएंगे।
मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम खुर्सीपार के आईटीआई मैदान में होगा, जहां दोपहर 2:25 बजे वे विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 3:35 बजे भिलाई-3 के मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे।
दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री शाम 4:40 बजे भिलाई-3 के थाना ग्राउंड स्थित हेलीपेड से हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर के लिए रवाना होंगे। शाम 4:55 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपेड पहुंचने के बाद 5:05 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
रात में गुरु पर्व और नगर कीर्तन में होंगे शामिल
दुर्ग-भिलाई दौरे के बाद मुख्यमंत्री रात में धार्मिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। वे रात 9:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर 9:35 बजे रायपुर के खालसा स्कूल परिसर पहुंचेंगे। यहां आयोजित नगर कीर्तन, शोभायात्रा और गुरु पर्व कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देंगे। इसके बाद रात 10:10 बजे मुख्यमंत्री निवास लौट आएंगे।
इस तरह मुख्यमंत्री का पूरा दिन विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन और धार्मिक आयोजनों के नाम रहेगा।



