मंत्री श्री रामविचार नेताम के प्रयासों से रामानुजगंज महाविद्यालय को 2.91 करोड़ के अतिरिक्त भवन की सौगात; विधायक प्रतिनिधि अश्विनी गुप्ता ने जताया आभार

रामानुजगंज। रामानुजगंज क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार और बुनियादी शैक्षणिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज में अतिरिक्त भवन निर्माण हेतु छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 2 करोड़ 91 लाख 22 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और दो दिन पूर्व टेंडर खुलने के बाद शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।
यह सौगात स्थानीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री माननीय रामविचार नेताम के निरंतर प्रयासों और क्षेत्र में शिक्षा के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उनके मार्गदर्शन एवं पहल से रामानुजगंज के इस प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थान को अतिरिक्त भवन की यह बड़ी स्वीकृति प्राप्त हुई है।
उल्लेखनीय है कि शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज वर्ष 1987 से क्षेत्र में उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। वर्तमान में यहां रामानुजगंज सहित आसपास के ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के लगभग 1600 नियमित और लगभग 900 स्वाध्यायी सहित कुल 2500 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों की संख्या और शैक्षणिक आवश्यकताओं को देखते हुए अतिरिक्त कक्षों व भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिससे अब विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं और सुव्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जनभागीदारी प्रबंधन समिति, शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज के विधायक प्रतिनिधि अश्विनी गुप्ता ने माननीय कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के प्रति अपनी ओर से तथा महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं एवं सभी शिक्षकों सहित पूरे महाविद्यालय परिवार की ओर से हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।
अश्विनी गुप्ता ने कहा कि रामानुजगंज में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए माननीय मंत्री रामविचार नेताम जी द्वारा किया गया यह प्रयास अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी है। यह नवीन अतिरिक्त भवन क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि वे अपनी ओर से, महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं एवं सभी शिक्षकों सहित पूरे महाविद्यालय परिवार, जनभागीदारी प्रबंधन समिति तथा समस्त नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों की ओर से इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए माननीय मंत्री रामविचार नेताम जी का आभार व्यक्त करते हैं। उनके सतत प्रयासों से महाविद्यालय के विकास को नई गति मिलेगी और रामानुजगंज को शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान प्राप्त होगी।




