समाज की एकता, शिक्षा और संगठन की मजबूती पर जोर, जिला कार्यकारिणी की बैठक संपन्न

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ डड़सेना कलार समाज की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिला बलौदाबाजार में संपन्न हुई। बैठक में समाज की एकता, सामाजिक नियमों के पालन, शिक्षा के प्रसार, संगठन की मजबूती तथा युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष भुवन जायसवाल ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि समाज की एकता बनाए रखना और सामाजिक नियमों का पालन करना प्रत्येक सदस्य की नैतिक जिम्मेदारी है। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सभी की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा को प्राथमिकता देने के साथ संगठन को मजबूत बनाने तथा युवा वर्ग को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।
आय-व्यय का प्रस्तुत किया गया ब्यौरा
बैठक में जिला कोषाध्यक्ष चौबिस राम जायसवाल ने समाज का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत करते हुए आर्थिक गतिविधियों की जानकारी समाज के समक्ष रखी। बैठक को बलौदाबाजार मंडलेश्वर राजकुमार जायसवाल एवं भाटापारा क्षेत्र के मंडलेश्वर प्रेमलाल सिन्हा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव ताराचंद जायसवाल ने किया।
महिला एवं युवा मंच के पदाधिकारी भी हुए शामिल
बैठक में हेमकुमार सिन्हा, सचिव; मनोज जायसवाल, कोषाध्यक्ष बलौदाबाजार; तामेश्वर जायसवाल, सचिव; टोपूराम जायसवाल, कोषाध्यक्ष भाटापारा सहित जिला पदाधिकारी लखन जायसवाल एवं जीवन जायसवाल उपस्थित रहे। महिला मंच की जिला अध्यक्ष नीता जायसवाल सहित युवा मंच के पदाधिकारियों ने भी सहभागिता निभाई।
जिला कार्यकारिणी सदस्य लखन जायसवाल, शेष नारायण जायसवाल, तीज राम जायसवाल एवं आजूराम जायसवाल सहित विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु बैठक में शामिल हुए।
बारिश के बावजूद पहुंचे सामाजिक बंधु, जताया आभार
बारिश से प्रभावित मौसम के बावजूद बैठक में शामिल होने पहुंचे विभिन्न गांवों के सामाजिक बंधुओं के प्रति जिला अध्यक्ष भुवन जायसवाल ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाजहित में इसी तरह एकजुट होकर कार्य करने और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।



