ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर में 50 किलो गौमांस के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौवंश वध के मामले में कांसाबेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 50 किलोग्राम गौमांस, लोहे का गड़ासा, प्लास्टिक का थैला और गौवंश के अवशेष बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर 18 अक्टूबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सागीभावना के गिरजाटोली क्षेत्र में फिलिममुड़ा पहाड़ के नीचे गौवंश का वध कर मांस काटा जा रहा है। सूचना पर कांसाबेल पुलिस की टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई की।
मौके से मिले गौवंश वध के साक्ष्य
पुलिस को घटनास्थल से लगभग 50 किलोग्राम गौमांस, एक लोहे का गड़ासा, गौवंश का सिर, चार पैर, चमड़ी, पूंछ और अन्य अवशेष मिले। मांस काटने में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का गुटका भी जब्त किया गया। पुलिस ने बरामद सामग्री का पंचनामा तैयार कर उसे जब्त कर लिया।
मौके पर मिले जकरियस तिग्गा (43 वर्ष) से पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने की बात पुलिस ने कही है। इसके बाद पुलिस ने मसीह दास उर्फ ईशु दास (40 वर्ष), धीरज तिग्गा (36 वर्ष), पीटर उर्फ शांति पीटर मिंज (26 वर्ष) और उदय कुमार मिंज (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
सभी आरोपी ग्राम सागीभावना, थाना कांसाबेल क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद गौवंश के अवशेषों का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया और नियमानुसार कार्रवाई की।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना कांसाबेल में अपराध क्रमांक 179/2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 एवं 10 के तहत कार्रवाई की गई है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में गौवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना जारी है और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कांसाबेल निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, सहायक उप निरीक्षक राजेश यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



