RO.NO. 01
देश

PM मोदी का नया संकल्प- ‘We Will Do It’, 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य तय

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवैधानिक पद पर रहते हुए 25 साल की सेवा पूरी करने के मौके पर देशवासियों के प्रति आभार जताया। दिल्ली में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को दोहराया और इसके लिए नया संदेश दिया—‘We Will Do It’ यानी ‘हम करके रहेंगे’।

7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद वह लगातार सरकार के प्रमुख के रूप में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालते हुए अब 25 वर्ष पूरे कर चुके हैं।

‘We Will Do It’ बना नया संकल्प

पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने बड़े लक्ष्यों को हासिल करने का आत्मविश्वास पैदा किया है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत बनाने, दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने, आत्मनिर्भर भारत को मजबूत करने और देश को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने जैसे लक्ष्यों का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि देश में ओलंपिक की मेजबानी से लेकर अंतरिक्ष के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने तक कई बड़े लक्ष्य हैं और इन सभी को पूरा करने के लिए देश का संकल्प एक ही है—‘We Will Do It’।

25 साल के अनुभव को बताया देश की पूंजी

प्रधानमंत्री ने अपने 25 वर्षों के प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव को देशवासियों के विश्वास से जोड़ते हुए कहा कि यह अनुभव केवल उनकी निजी पूंजी नहीं है। उन्होंने खुद को आज भी सीखने वाला विद्यार्थी बताते हुए कहा कि सीखने की प्रवृत्ति उनके जीवन का हिस्सा रही है।

पीएम मोदी ने अपने बचपन और वडनगर के स्कूल के दिनों को भी याद किया और बताया कि उस समय भी वह समय से पहले कक्षा में पहुंचने वाले विद्यार्थियों में शामिल थे।

‘मिशन के लिए जीने वाला इंसान’

अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2001 से पहले उन्होंने संगठन में रहकर काम किया और कई चुनावों में पार्टी के लिए जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने कहा कि अगर व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा ही लक्ष्य होती तो वह बहुत पहले चुनावी राजनीति में आ सकते थे।

पीएम मोदी ने कहा कि उनके लिए निष्काम कर्म और देश सेवा हमेशा प्राथमिकता रही है और वह व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के बजाय मिशन के लिए काम करने में विश्वास रखते हैं।

आलोचकों का भी जताया आभार

अपने लंबे सफर को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने समर्थकों, शुभचिंतकों और आलोचकों सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जीत दिलाने वालों ने उन्हें विनम्र रहना सिखाया, जबकि कठिन परिस्थितियों और आलोचनाओं ने उन्हें आत्मचिंतन का अवसर दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि विरोध करने वालों से लोकतंत्र की ताकत को समझने का अवसर मिला। उन्होंने देशवासियों की लगातार सेवा करने के लिए ईश्वर से ऊर्जा और सामर्थ्य मिलने की प्रार्थना की।

नितिन नबीन ने महिला सशक्तिकरण का किया जिक्र

कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के जरिए महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला है।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button