RO.NO. 01
देश

प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता, Z+ सिक्योरिटी की मांग

मथुरा। प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज और वृंदावन स्थित राधा केलि कुंज आश्रम को लेकर चल रहे विवाद के बीच उनकी सुरक्षा का मुद्दा भी सामने आया है। श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा फलाहारी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर संत प्रेमानंद महाराज को Z+ सुरक्षा देने की मांग की है। इसके साथ ही आश्रम से जुड़े कुछ मामलों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की अपील की गई है।

आश्रम की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में दिनेश शर्मा फलाहारी ने आश्रम में कथित गुटबाजी और बाहरी तत्वों के हस्तक्षेप का दावा किया है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि कुछ जमीन कारोबारी और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की गतिविधियां आश्रम से जुड़ रही हैं।

फलाहारी ने आशंका जताई है कि ऐसी परिस्थितियों से संत प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। उन्होंने आश्रम परिसर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

आश्रम के बाहर प्रस्तावित प्रदर्शन टला

इसी बीच राधा केलि कुंज आश्रम के बाहर संत प्रेमानंद महाराज के समर्थन में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन भी निरस्त कर दिया गया। सोशल मीडिया पर प्रदर्शन को लेकर प्रचार किया जा रहा था और बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की बात कही गई थी।

बताया गया कि आश्रम के पदाधिकारियों और वरिष्ठ संतों के साथ विचार-विमर्श के बाद प्रदर्शन टालने का फैसला लिया गया। संत प्रेमानंद महाराज की ओर से भी भीड़ जुटाने और प्रदर्शन से बचने की अपील किए जाने की बात सामने आई है।

लापता दोनों युवक बरामद

आश्रम के बाहर अपने बच्चों की तलाश को लेकर प्रदर्शन कर रहे परिवारों के लिए भी राहत की खबर सामने आई है। हाथरस के सादाबाद निवासी अनुज चौधरी और कासगंज निवासी मयंक चौहान को पुलिस ने बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, अनुज चौधरी को हाथरस और मथुरा पुलिस के संयुक्त प्रयास से बरसाना के लाड़ली दास आश्रम से बरामद किया गया। वहीं मयंक चौहान को प्रयागराज के दारागंज क्षेत्र से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

दोनों युवकों के मिलने के बाद उनके परिवारों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, आश्रम को लेकर उठ रहे आरोपों और संत प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा से जुड़ी मांगों पर अब प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button