RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में राजनीतिक प्रकरण वापसी समिति की बैठक, 16 मामलों की समीक्षा

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं गृह तथा जेल मंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े प्रकरणों की वापसी के संबंध में प्रकरण वापसी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, कृषि मंत्री राम विचार नेताम सहित गृह, विधि और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में दर्ज राजनीतिक आंदोलनों से संबंधित 16 प्रकरणों की प्रकरणवार समीक्षा की गई। इनमें 8 लंबित प्रकरण भी शामिल थे। समीक्षा के बाद समिति ने 9 प्रकरणों की वापसी की अनुशंसा की, जबकि 2 प्रकरणों को पुनर्विचार के लिए संबंधित जिलों में भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं, शेष मामलों को राजनीतिक आंदोलनों से संबंधित नहीं पाए जाने पर समिति ने उन्हें अस्वीकृत कर दिया।

लंबित मामलों की स्थिति की भी ली जानकारी

बैठक में समिति ने पूर्व में अनुशंसित लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली। साथ ही, इन मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई और प्रकरणों की नियमित समीक्षा को लेकर भी चर्चा की गई।

समिति ने न्यायालय में लंबित मामलों को नियमानुसार त्वरित गति से आगे बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने राजनीतिक प्रकरणों की वापसी से संबंधित मामलों की प्रकरणवार समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं को नियमानुसार आगे बढ़ाने के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की।

बैठक में गृह, विधि और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित प्रकरणों की स्थिति और आगे की प्रक्रिया से समिति को अवगत कराया।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button