शिक्षक दिवस पर MP सरकार का खास आयोजन, सीएम मोहन 33 शिक्षकों को करेंगे सम्मानित

भोपाल। शिक्षक दिवस के मौके पर मध्यप्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने जा रही है। 5 सितंबर 2026 को भोपाल में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में होगा।
समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के साथ जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह और खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे होगी।
33 उत्कृष्ट शिक्षकों को मिलेगा सम्मान
राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026 के लिए प्रदेशभर से 33 उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन किया गया है। इन शिक्षकों को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने, शैक्षणिक नवाचारों को बढ़ावा देने और स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
चयनित शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित दो शिक्षकों का भी सम्मान
समारोह में वर्ष 2025 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने वाले मध्यप्रदेश के दो शिक्षकों शीला पटले और भेरूलाल औसारा का भी विशेष सम्मान किया जाएगा। दोनों शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
इन 33 शिक्षकों को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान
राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026 के लिए पूनम मिश्रा, बिहारी लाल प्रजापति, अरूण कुमार भादे, बलराम अहिरवार, मुकेश कुमार शर्मा, अरूण कुमार मित्तल, मुकेश कुमार प्रजापति, मनीष तिवारी, अजय कुमार मिश्रा, मुकेश नागर, राजेश महेश्वरी, मोहित कुमार गर्ग, पूजा पाण्डेय, सतीश कुमार पाण्डेय, श्वेता तिवारी, शिवलाल दांगी, धन्नालाल बिसेन, रितेश कुमार पथाडे, सुखनंदन साहू, नरेन्द्र कुमार भारद्वाज, ओम प्रकाश विश्वकर्मा, महेन्द्र सिंह ठाकुर, राकेश कुमार गुप्ता, शिखा शर्मा, महेन्द्र सिंह पवार, ज्योति पाठक, राकेश कुमार वर्मा, सुरेश चंद्र सोनी, शर्मिला उपाध्याय, रीना देवी कटरे, हेमंत कुमार वैद्य, राकेश कुमार द्विवेद्वी और सीमा परमार शामिल हैं।
इस सम्मान समारोह के जरिए प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले शिक्षकों के योगदान को प्रोत्साहित और सम्मानित करेगी।



