RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 32 करोड़ के कार्यों का किया भूमिपूजन

नए बस स्टैंड के लिए 6.50 करोड़ और नगर पालिका कार्यालय के लिए 3.50 करोड़ की घोषणा

महासमुंद: शहर के विकास को रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार ने महासमुंद को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने लोहिया चौक में आयोजित कार्यक्रम में 31 करोड़ 60 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने शहर के नए बस स्टैंड को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपये तथा नगर पालिका के नए कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के शहरों के समग्र और संतुलित विकास के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य सभी शहरों को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति मिली है और बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

साव ने बताया कि प्रदेश में स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए छह जिलों को पुरस्कार मिल चुके हैं। युवाओं को बेहतर अवसर और अध्ययन का माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में 38 नालंदा परिसर स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता सीधे उनके खातों में मिल रही है।

12,666 करोड़ के पुल-पुलिया कार्य स्वीकृत

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 12 हजार 666 करोड़ रुपये के पुल-पुलिया निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। महासमुंद जिले में भी अलग-अलग विकास कार्यों के लिए 468 कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क और अन्य अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि महासमुंद के विकास के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। साव ने नागरिकों से शहर को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहर का सम्मान और गौरव प्रत्येक नागरिक का अपना सम्मान और गौरव है।

विधायक ने रखी रिंग रोड की मांग

महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में महासमुंद के विकास को लगातार प्राथमिकता मिल रही है। उन्होंने बताया कि शहर का गौरव पथ और तुमगांव रोड निर्माणाधीन है, जबकि नहर लिंकिंग रोड को स्वीकृति मिल चुकी है और इसके लिए टेंडर जारी हो चुके हैं। सीकासेर का पानी कोडार तक पहुंच रहा है तथा सिरपुर बैराज को भी स्वीकृति मिल चुकी है।

विधायक सिन्हा ने शहर के बढ़ते विस्तार को देखते हुए रिंग रोड की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने नए बस स्टैंड और नगर पालिका के नए कार्यालय भवन की मांग भी उप मुख्यमंत्री के सामने रखी।

नगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू ने विकास कार्यों की सौगात देने के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताया। उन्होंने शहर की बढ़ती आबादी और विस्तार को देखते हुए महासमुंद नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देने की मांग रखी।

कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू, छत्तीसगढ़ राज्य स्काउट गाइड के मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पवन पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, एल्डरमेन, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button