RO.NO. 01
देश

गंगा स्नान के दौरान 4 कांवड़िए लापता, तेज बहाव में बहने की आशंका; NDRF का ऑपरेशन जारी

फर्रुखाबाद। सावन के महीने में कांवड़ लेने पहुंचे शिवभक्तों के साथ सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। पांचाल घाट पर गंगा स्नान के दौरान शाहजहांपुर जिले के एक ही गांव के चार युवक गहरे पानी में डूब गए। इनमें तीन एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा और लापता युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

चेतावनी के बावजूद गहरे पानी में उतरे युवक

जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर जिले के नयागांव खुदागंज के 10 लोग रविवार देर रात पांच बाइकों से कांवड़ लेने के लिए पांचाल घाट पहुंचे थे। सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे कुछ युवक उत्तरी बंधा के पास गंगा में स्नान करने उतरे।

इसी दौरान योगेश (17), उसके चाचा विकास (25), चचेरे चाचा कमल (23) और गांव का अर्जुन (17) नहाते हुए गहरे पानी की ओर बढ़ गए। घाट पर तैनात पुलिसकर्मियों और उनके साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें आगे जाने से रोका, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया।

कुछ ही देर में चारों युवक तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते गहरे पानी में लापता हो गए।

हादसे की खबर से गांव में मचा कोहराम

घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही चारों परिवारों में मातम पसर गया। परिजन रोते-बिलखते हुए पांचाल घाट के लिए रवाना हो गए।

बताया गया कि 17 वर्षीय योगेश हाईस्कूल का छात्र था। वहीं 25 वर्षीय विकास छह भाइयों में सबसे छोटा था और इंटरमीडिएट के बाद आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था। 23 वर्षीय कमल भी तीन भाइयों में सबसे छोटा बताया जा रहा है। परिवार की आर्थिक मदद के लिए कुछ युवक पानी-बताशे का ठेला भी लगाते थे।

NDRF और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा

चार युवकों के गंगा में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो गया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। इसके बाद NDRF की टीम और स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया।

गंगा में तेज बहाव और जलस्तर अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर तक किसी भी युवक का पता नहीं चल सका था। सीओ सिटी अभय वर्मा के अनुसार, चारों की तलाश के लिए युद्ध स्तर पर अभियान जारी है।

घटना के बाद पांचाल घाट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोक रही है और लगातार सतर्कता बरती जा रही है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button