RO.NO. 01
देश

खाड़ी में भारतीय नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, विदेश मंत्रालय ने शुरू की हेल्पलाइन

नई दिल्ली। खाड़ी क्षेत्र में बढ़ती समुद्री सुरक्षा चुनौतियों के बीच केंद्र सरकार ने भारतीय नाविकों और भारतीय ध्वज वाले जहाजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि क्षेत्र में मौजूद भारतीय मिशन स्थानीय अधिकारियों और संबंधित मंत्रालयों के साथ लगातार समन्वय कर रहे हैं। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे चलने वाली हेल्पलाइन भी संचालित की जा रही है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि भारतीय नाविकों और जहाजों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। खाड़ी क्षेत्र में स्थित भारतीय मिशन लगातार शिपिंग मंत्रालय, संबंधित देशों के समुद्री प्राधिकरणों और अन्य स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नाविकों या भारतीय ध्वज वाले जहाजों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

नाविकों के साथ अन्य भारतीयों के लिए भी हेल्पलाइन

रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारतीय मिशनों ने 24×7 हेल्पलाइन शुरू कर रखी है। यह सुविधा केवल नाविकों तक सीमित नहीं है, बल्कि खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अन्य भारतीय नागरिक भी जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह सेवा पिछले कई महीनों से लगातार संचालित हो रही है और आगे भी जारी रहेगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत शिपिंग मंत्रालय तथा पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र के स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय करते हुए अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही तथा व्यापार के सुचारु संचालन की लगातार वकालत कर रहा है।

उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से आम नागरिकों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाने से बचने की अपील की। विशेष रूप से उन्होंने वाणिज्यिक जहाजों और उनमें काम करने वाले नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

4,052 भारतीय नाविकों को वापस लाया गया

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को संसद में बताया कि खाड़ी क्षेत्र से अब तक 4,052 भारतीय नाविकों को वापस भारत लाया जा चुका है।

मंत्री के अनुसार, 3 अगस्त तक भारत आने वाले 62 जहाज होर्मुज स्ट्रेट से सफलतापूर्वक गुजर चुके हैं। इनमें 23 भारतीय ध्वज वाले और 39 विदेशी ध्वज वाले जहाज शामिल हैं।

होर्मुज स्ट्रेट पर सरकार की विशेष निगरानी

बदलती समुद्री सुरक्षा स्थिति को देखते हुए समुद्री प्रशासन महानिदेशालय (DGMA) भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए अपनी एडवाइजरी लगातार अपडेट कर रहा है। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

सरकार ने होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए कई अतिरिक्त कदम भी उठाए हैं। इसके तहत एक समर्पित 24×7 नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। साथ ही जहाजों और चालक दल का लाइव डेटाबेस तैयार रखा जा रहा है।

इसके अलावा जहाजों की आवाजाही, भारतीय नाविकों की स्थिति, समुद्री घटनाओं और संभावित हताहतों की निगरानी की जा रही है। स्थिति की नियमित समीक्षा के लिए हर 24 घंटे में स्टेटस अपडेट जारी किया जा रहा है।

सरकार का कहना है कि खाड़ी क्षेत्र में बदलती परिस्थितियों के बीच भारतीय नागरिकों, नाविकों और वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button