छत्तीसगढ़ में बनेंगे चार नए औद्योगिक पार्क, औद्योगिक विकास और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने चार नए औद्योगिक पार्क (मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर) विकसित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की राज्य स्तरीय समिति की बैठक में इन प्रस्तावों को औपचारिक मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में प्रदेश के चार जिलों में मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित करने के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के बाद स्वीकृति दी गई। इसके तहत राजनांदगांव जिले के पटेवा में स्पेशल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, धमतरी जिले के पटेवा में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, जांजगीर-चांपा जिले के धूम्रपाली में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर तथा बस्तर जिले के नियानार में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किए जाएंगे।
राज्य सरकार का मानना है कि इन औद्योगिक पार्कों के विकसित होने से निवेश को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
यह परियोजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी भारत औद्योगिक योजना के तहत संचालित की जा रही है, जिसे छत्तीसगढ़ सरकार अपनी औद्योगिक विकास नीति के अनुरूप लागू कर रही है। परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और स्वीकृति के लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
बैठक में वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. सारांश मित्तर, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की विशेष सचिव इफ्फत आरा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



