RO.NO. 01
देश

ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग अब भारत में, PM मोदी के ऐलान से क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय

सिडनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के अंतिम दिन क्रिकेट प्रेमियों को बड़ी सौगात देते हुए ऐतिहासिक घोषणा की है। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित बिग बैश लीग (BBL) के 2026-27 सीजन का उद्घाटन पहली बार भारत में होगा। लीग का पहला मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, इस ऐतिहासिक मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स आमने-सामने होंगे। मेलबर्न रेनेगेड्स को इस मैच के लिए आधिकारिक होम टीम का दर्जा दिया गया है। यह पहली बार होगा जब बिग बैश लीग का कोई मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के बाहर आयोजित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत होते खेल संबंधों का प्रतीक बताया। वहीं ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए एक संयुक्त स्पोर्ट्स रोडमैप भी जारी किया।

इस रोडमैप के तहत खिलाड़ियों के क्षमता विकास, खेल विज्ञान, खेल तकनीक, अनुसंधान, कोचिंग और खेल उद्योग में निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही व्यापार, पर्यटन और खेल आधारित निवेश के नए अवसर भी विकसित किए जाएंगे।

दोनों देशों का मानना है कि यह पहल भविष्य में बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी में भी अहम भूमिका निभाएगी। ऑस्ट्रेलिया जहां 2032 ब्रिस्बेन ओलंपिक और पैरालंपिक की तैयारी कर रहा है, वहीं भारत 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन की दिशा में अपनी दावेदारी मजबूत कर रहा है।

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों देशों में खेलों के प्रति गहरा जुनून है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी न केवल क्रिकेट बल्कि व्यापार, पर्यटन और खेल उद्योग में भी दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती देगी।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button