RO.NO. 01
Politicsराजनीति

बंगाल की राजनीति में अहम दिन, विधानसभा सत्र के पहले दिन राज्यपाल का संबोधन

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में हाल ही में हुए सत्ता परिवर्तन और नई सरकार के गठन के बाद 18वीं राज्य विधानसभा का पहला सत्र गुरुवार से शुरू होने जा रहा है। सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे राज्यपाल आर.एन. रवि के अभिभाषण से होगी, जिस पर राजनीतिक गलियारों की नजरें टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि राज्यपाल अपने संबोधन में नई सरकार की नीतियों, प्राथमिकताओं और आगामी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे।

राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन में धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा। वहीं शुक्रवार को दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक प्रस्ताव लाया जाएगा। संसदीय परंपरा के अनुसार शोक प्रस्ताव पारित होने के बाद उस दिन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी।

शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण विधानसभा की बैठक नहीं होगी। इसके बाद 22 जून, सोमवार को राज्य के नवनियुक्त वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता नई सरकार का पहला पूर्ण बजट पेश करेंगे। इस बजट को नई सरकार की आर्थिक प्राथमिकताओं और विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जा रहा है।

23 और 24 जून को राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में पांच-पांच घंटे तक विस्तृत चर्चा होगी। इसके बाद 25 जून को विभिन्न विभागों की व्यय मांगों पर चर्चा की जाएगी। इस चरण के बाद विधानसभा की कार्यवाही को कुछ दिनों के लिए स्थगित किया जाएगा।

बजट सत्र का दूसरा चरण 6 जुलाई से शुरू होगा, जिसमें बजट से जुड़े अन्य विषयों और विभागीय मांगों पर आगे की चर्चा की जाएगी। नई सरकार के गठन के बाद होने वाला यह पहला विधानसभा सत्र राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button