मानसून की दस्तक करीब, रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं और प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। गुरुवार को राजधानी रायपुर समेत अनेक जिलों में हुई जोरदार बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अब छत्तीसगढ़ की सीमा के करीब पहुंच चुका है। आगामी दो से तीन दिनों में मौसम की अनुकूल परिस्थितियों के चलते राज्य के कुछ हिस्सों में मानसून आगे बढ़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मानसून के सक्रिय होते ही वर्षा की गतिविधियों में और तेजी देखने को मिलेगी।
इस बीच हालिया वैज्ञानिक अध्ययनों में यह संकेत मिला है कि छत्तीसगढ़ में मानसून का स्वरूप धीरे-धीरे बदल रहा है। शोध के अनुसार राज्य में कुल वर्षा की मात्रा में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं हुआ है, लेकिन बारिश का समय और उसका क्षेत्रीय वितरण पहले की तुलना में अलग होता जा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, खैरागढ़-छुईखदान, बेमेतरा, रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, राजनांदगांव और बालोद शामिल हैं।
वहीं राज्य के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
राजधानी रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों पर जाने से बचने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। मानसून की दस्तक के साथ प्रदेशभर में मौसम का रुख अब पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है।



