RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

केंद्रीय खनि उड़नदस्ता एवं जिला स्तरीय संयुक्त टीम की कार्रवाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में खनिज संसाधनों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने गरियाबंद जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मशीनों और वाहन को जब्त किया है।

खनिज विभाग के सचिव एवं संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने 8 जून 2026 को औचक निरीक्षण के दौरान गरियाबंद जिले की राजिम तहसील के ग्राम कुरुसकेरा स्थित पैरी नदी में गौण खनिज साधारण रेत के अवैध उत्खनन और मशीनों के माध्यम से नियमों के विपरीत खनन किए जाने का मामला पकड़ा।

जांच के दौरान खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए तीन चौन माउंटेन मशीनों को जब्त कर सील कर दिया गया। साथ ही खदान संचालक और मशीन मालिकों को जवाब प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

कार्रवाई के दौरान अवैध रेत परिवहन में संलिप्त एक हाईवा वाहन को भी जब्त कर राजिम थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। इस संयुक्त अभियान में केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला प्रशासन के अधिकारियों की टीम मौजूद रही।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और खनिज संपदा के नियमानुसार उपयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी तथा दोषियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

खनिज साधन विभाग के सचिव ने बताया कि प्रदेश में खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। विभागीय अमले और उड़नदस्ता दलों को नियमित निरीक्षण तथा त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button