दिल्ली-NCR में 5 जून को फिर येलो अलर्ट, आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 5 जून के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार खराब मौसम के चलते यातायात, जनजीवन और बाहरी गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं, हालांकि लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 5 जून को एनसीआर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने सुबह, पूर्वाह्न और रात के समय बिजली चमकने के साथ आंधी-तूफान तथा हल्की वर्षा की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने और यातायात बाधित होने जैसी स्थितियां बन सकती हैं। ऐसे में खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
वहीं 6 जून को भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि इस दिन के लिए किसी विशेष चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 7 जून से मौसम में सुधार देखने को मिलेगा। इस दिन आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 39 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 8 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इसके बाद 9 और 10 जून को भी मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इन दिनों के लिए कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि 5 जून को आंधी, तेज हवाओं और बारिश के कारण लोगों को अस्थायी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन इससे गर्मी से राहत मिलेगी। विभाग ने नागरिकों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।



