जनदर्शन में खुली सिस्टम की पोल, बिना हस्ताक्षर युवक को बना दिया ट्रैक्टर लोन का जमानतदार

बलौदाबाजार। जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में मंगलवार को लोगों की समस्याओं की लंबी फेहरिस्त सामने आई। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान विकासखंड मुख्यालयों से ग्रामीण ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े और अपनी परेशानियां प्रशासन के सामने रखीं।
जनदर्शन में उस समय गंभीर मामला सामने आया जब विकासखंड सिमगा के ग्राम लिमतरा निवासी रामचंद्र ने आरोप लगाया कि उसे बिना जानकारी और बिना हस्ताक्षर के ट्रैक्टर ऋण का जमानतदार बना दिया गया।
रामचंद्र ने आवेदन में बताया कि वर्ष 2017-18 में ग्राम लिमतरा निवासी शिवकुमार टंडन ने जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति बलौदाबाजार से ट्रैक्टर खरीदने के लिए ऋण लिया था।
आरोप है कि ऋण प्रक्रिया में बिना अनुमति और बिना किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराए रामचंद्र का नाम जमानतदार के रूप में जोड़ दिया गया। अब ऋण राशि जमा नहीं होने पर बैंक द्वारा रामचंद्र पर दबाव बनाया जा रहा है।मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिला अंत्यावसायी अधिकारी को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में इसके अलावा पीएम आवास, महतारी वंदन योजना, पेंशन, राशन कार्ड और राजस्व से जुड़े कई मामलों को लेकर भी ग्रामीणों ने शिकायतें दर्ज कराईं। कई आवेदकों ने योजनाओं में लापरवाही, देरी और अधिकारियों की उदासीनता पर नाराजगी जताई।
जनदर्शन में सामने आ रही शिकायतें यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि आखिर योजनाओं और ऋण प्रक्रियाओं में इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो रही है? बिना हस्ताक्षर किसी को जमानतदार बना देना केवल प्रशासनिक चूक है या फिर सिस्टम में गड़बड़ी का बड़ा संकेत?



