RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

नवा रायपुर हाई-टेक उद्योगों का नया केंद्र, सेमीकंडक्टर निर्माण की शुरुआत

रायपुर | 25 मई 2026 : छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई दिशा देते हुए नवा रायपुर में दूसरे विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) को मंजूरी मिल गई है। Polymatech Electronics Limited को 10.13 हेक्टेयर क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इंजीनियरिंग आधारित एसईजेड स्थापित करने की स्वीकृति दी गई है, जहां सेमीकंडक्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का निर्माण किया जाएगा।

यह परियोजना राज्य के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ में पहला सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र स्थापित होगा। इससे राज्य तकनीक आधारित और उच्च मूल्य वाले उद्योगों के क्षेत्र में प्रवेश करेगा और आधुनिक विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

नया एसईजेड न केवल निवेश को आकर्षित करेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगा। इसके साथ ही तकनीकी क्षेत्र में नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। अनुमान है कि इस परियोजना से अगले पांच वर्षों में 1300 से अधिक रोजगार उत्पन्न होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह स्वीकृति राज्य में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी नीतियों और निवेश के अनुकूल माहौल के जरिए छत्तीसगढ़ भविष्य के उद्योगों के लिए मजबूत आधार तैयार कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर तकनीक भविष्य की आवश्यकता है और नवा रायपुर में इसका निर्माण संयंत्र स्थापित होना राज्य के तकनीकी विकास की दिशा में बड़ा कदम है। इससे युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और राज्य नई औद्योगिक पहचान के साथ आगे बढ़ेगा।

उल्लेखनीय है कि Department for Promotion of Industry and Internal Trade (DPIIT) की LEADS 2025 रैंकिंग में छत्तीसगढ़ को स्थलरुद्ध राज्यों की श्रेणी में “हाई परफॉर्मर” का दर्जा मिला है, जो राज्य की बेहतर लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक क्षमता को दर्शाता है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button