बलरामपुर में अवैध रेत खनन का खेल जारी, ग्रामीणों ने खनिज विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

बलरामपुर । जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन का मामला एक बार फिर सामने आया है। सनवाल थाना क्षेत्र के पचवाल गांव स्थित पांगन नदी में खुलेआम अवैध रेत उत्खनन किए जाने का आरोप लगा है। ग्रामीणों के मुताबिक नदी में पोकलेन मशीन लगाकर बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है और ट्रकों के जरिए इसे उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन का यह खेल लंबे समय से जारी है, लेकिन प्रशासन और खनिज विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार सूचना देने के बावजूद खनिज विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।
बताया जा रहा है कि पांगन नदी से लगातार रेत का उत्खनन होने से नदी के अस्तित्व और आसपास के पर्यावरण पर भी खतरा बढ़ता जा रहा है। भारी मशीनों के इस्तेमाल से नदी की प्राकृतिक संरचना प्रभावित हो रही है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
इधर, अवैध रेत परिवहन को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस पूरे मामले को लेकर खनिज विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



